बिलासपुर में साइबर ठगी का एक नया तरीका सामने आया है, जहां ठग बिजली बिल अपडेट के नाम पर लोगों को APK फाइल भेजकर निशाना बना रहे हैं। इससे पहले आरटीओ और ट्रैफिक चालान के नाम पर ठगी के मामले सामने आ चुके हैं।
ऐसे ही दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पहला मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है, जबकि दूसरा सिविल लाइन थाना क्षेत्र से जुड़ा है। खास बात यह है कि दोनों मामलों में अब तक पीड़ितों ने थाने में एफआईआर दर्ज नहीं कराई है।
चकरभाठा थाना क्षेत्र के हाईकोर्ट आवासीय परिसर निवासी यश राज सिंह को व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजी गई, जिस पर “बिल अपडेट एपीके” लिखा था। जैसे ही उन्होंने फाइल डाउनलोड की, उनका मोबाइल हैक हो गया और उनके बैंक खाते से 62 हजार रुपए कट गए।
दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर की रहने वाली भूमिका चौहान के साथ हुई। उन्होंने एनसीआरबी पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई है। उनके मोबाइल पर भी बिल अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही उनका फोन हैक हो गया और खाते से पैसे निकल गए।
दरअसल, बिजली कंपनी CSPDCL हर महीने उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप के जरिए बिल भेजती है। इसी जानकारी का फायदा उठाकर ठग अब “बिल अपडेट” के नाम पर फर्जी APK फाइल भेज रहे हैं। अनजान लोग इसे डाउनलोड कर लेते हैं और साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं।




