अमरेली (गुजरात)। गुजरात के अमरेली जिले और उसके आसपास के तटीय इलाकों में एक बार फिर भूकंप के झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। आधी रात आए इन झटकों से लोग नींद से जागकर घबराहट में घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।
देर रात 2:24 बजे महसूस हुए झटके
सिस्मोलॉजी विभाग के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 मापी गई है। इसका केंद्र महुवा के पास जमीन के भीतर दर्ज किया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 2:24 बजे अमरेली के राजुला, जाफराबाद, पीपावाव सहित तटीय क्षेत्रों में अचानक धरती हिलने लगी। उस समय अधिकांश लोग गहरी नींद में थे, लेकिन तेज झटकों के कारण अफरा-तफरी मच गई।
लोग घबराकर अपने घरों से बाहर खुले स्थानों की ओर भागे। भूकंप के बाद देर रात तक लोग एक-दूसरे को फोन और मैसेज कर हालचाल लेते रहे।
कई इलाकों में दीवारों में दरारें
भूकंप का असर राजुला, जाफराबाद, पीपावाव, खंभा और सावरकुंडला क्षेत्रों में ज्यादा देखा गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, झटके इतने तेज थे कि घरों में रखा सामान हिलने लगा।
राजुला शहर से जानकारी मिली है कि कुछ घरों की दीवारों में दरारें भी आ गई हैं। वहीं सोशल मीडिया पर भूकंप के समय का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कंपन साफ दिखाई दे रहा है।
लगातार झटकों से बढ़ी चिंता
सावरकुंडला तालुका के भाड़ और आसपास के गांवों में पिछले कुछ दिनों से लगातार छोटे-बड़े झटके महसूस किए जा रहे हैं। इन लगातार आ रहे झटकों की वजह से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि बार-बार आ रहे झटकों से उनके पुराने और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है और वे रात में ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं।
प्रशासन ने की अपील
प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें हालात पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल किसी के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करें।





