छत्तीसगढ़

अंबिकापुर–कोलकाता हवाई सेवा शुरू: हफ्ते में दो दिन फ्लाइट, किराया और शेड्यूल जारी

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से कोलकाता के लिए हवाई सेवा आज गुरुवार से शुरू हो गई है। एलायंस एयर इस रूट पर सप्ताह में दो दिन उड़ान संचालित करेगी। इससे पहले इसी सप्ताह एयरलाइन ने अंबिकापुर से दिल्ली के लिए भी फ्लाइट सेवा शुरू की थी।

अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट गुरुवार और शनिवार को चलेगी। गुरुवार को विमान बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंचेगा और फिर कोलकाता के लिए रवाना होगा, जबकि शनिवार को अंबिकापुर से बिलासपुर के रास्ते कोलकाता के लिए उड़ान भरेगा। इस रूट की पहली फ्लाइट गुरुवार सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर से रवाना होगी।

एलायंस एयर ने अपने विंटर शेड्यूल में अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता की हवाई सेवाएं जोड़ी है। अंबिकापुर से दिल्ली फ्लाइट का वर्चुअल शुभारंभ मुख्यमंत्री ने 30 मार्च को किया था। उसी दिन दोपहर 12 बजे मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा (अंबिकापुर) से पहली फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना हुई थी, जिसमें सांसद चिंतामणी भी सवार हुए थे।

अंबिकापुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट सप्ताह में सोमवार और बुधवार को संचालित होगी। इस रूट पर किराया 6,500 रुपए तय किया गया है। वहीं अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट का बेस फेयर करीब 6,000 रुपए रखा गया है, हालांकि यह रिजर्वेशन नियमों के तहत बढ़ भी सकता है।

अंबिकापुर-कोलकाता फ्लाइट शेड्यूल:
गुरुवार: कोलकाता से उड़ान 7.05 बजे → बिलासपुर पहुंच 8.55 बजे → बिलासपुर से छूट 9.20 बजे → अंबिकापुर पहुंच 10 बजे → अंबिकापुर से छूट 10.25 बजे → कोलकाता पहुंच 12.15 बजे।

शनिवार: कोलकाता से छूट 11.20 बजे → अंबिकापुर पहुंच 13.10 बजे → अंबिकापुर से छूट 13.35 बजे → बिलासपुर पहुंच 14.15 बजे → बिलासपुर से छूट 14.40 बजे → कोलकाता पहुंच 16.30 बजे।

नई हवाई सेवा की मांग:
अंबिकापुर से दिल्ली फ्लाइट सेवा शुरू होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सांसद चिंतामणि महाराज एवं मंत्री राजेश अग्रवाल ने रायपुर से अंबिकापुर होते हुए वाराणसी हवाई सेवा शुरू करने की मांग रखी है। सांसद चिंतामणि महाराज ने इसके लिए इंडिगो से भी चर्चा की है। इस सेवा के जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts