देश

‘चुनाव के बाद भारत में आने वाला है बड़ा संकट’, राहुल गांधी की भविष्यवाणी, बोले- कीमत आम जनता चुकाएगी

मिडिल ईस्ट में जारी जंग और भारत में इसके प्रभाव को लेकर राहुल गांधी ने शनिवार को भविष्यवाणी की है. उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का असर भारत पर दिखने लगा है. राहुल गांधी ने इस गहराते आर्थिक संकट को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने देशवासियों को चेतावनी दी है कि चुनाव खत्म होते ही देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर के दाम आसमान छूने वाले हैं.
रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट में देश की आर्थिक स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की. डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरते कीमत पर प्रहार करते हुए लिखा, ‘रुपये का डॉलर के मुकाबले कमजोर होकर 100 की तरफ बढ़ना और इंडस्ट्रियल फ्यूल (औद्योगिक ईंधन) की कीमतों में हो रही तेज बढ़ोतरी- ये सिर्फ मामूली आंकड़े नहीं हैं, बल्कि यह आने वाली भयंकर महंगाई के साफ संकेत हैं.’ राहुल गांधी ने आगाह किया कि सरकार भले ही इस स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश कर रही हो, लेकिन हकीकत में इसके परिणाम बहुत भयावह होने वाले हैं.
किन सेक्टर पर पड़ेगा असर?
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में विस्तार से समझाया है. उन्होंने आगाह करते हुए कहा कि ईंधन महंगा होने और रुपये के कमजोर होने से देश में उत्पादन और ट्रांसपोर्टेशन का खर्च काफी बढ़ जाएगा, जिसका सीधा असर पूरी सप्लाई चेन पर पड़ेगा. उनका दावा है कि आने वाले समय में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) तबाह होंगे. महंगाई और कच्चे माल की बढ़ती लागत की सबसे ज्यादा मार देश के एमएसएमई सेक्टर पर पड़ेगी, जो देश में रोजगार का सबसे बड़ा साधन है.

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts