छत्तीसगढ़

डोंगरगांव को मिला विकास का सबसे बड़ा तोहफा! डिप्टी सीएम अरुण साव के ऐतिहासिक फैसले से खुलेंगे प्रगति के नए द्वार

वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, नगर पंचायत से नगर पालिका बना डोंगरगांव; विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, जनता में उत्साह

राजनांदगांव। डोंगरगांव के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। वर्षों से नगर पालिका का दर्जा पाने की प्रतीक्षा कर रहे नगरवासियों को आखिरकार उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने बड़ी सौगात दे दी है। उनके प्रयासों और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार की विकासोन्मुखी सोच के चलते डोंगरगांव नगर पंचायत का उन्नयन कर उसे नगर पालिका परिषद का दर्जा प्रदान कर दिया गया है।

इस महत्वपूर्ण निर्णय की अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित होते ही पूरे डोंगरगांव में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए सरकार और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया।

नगरीय प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद डोंगरगांव को शहरी विकास योजनाओं में अधिक प्राथमिकता मिलेगी। सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, उद्यान, सामुदायिक भवन तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए अधिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे नगर के विकास को नई गति मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक नगर को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। डोंगरगांव को नगर पालिका का दर्जा दिलाना केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि यहां के नागरिकों के सपनों को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में डोंगरगांव आधुनिक और सुव्यवस्थित नगर के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

जनता बोली – अरुण साव ने निभाया वादा, विकास का रास्ता किया साफ

नगर पालिका की घोषणा के बाद डोंगरगांव के जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने नवा रायपुर स्थित शासकीय निवास पहुंचकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि डोंगरगांव की जनता ने जो विश्वास जताया था, उस पर खरा उतरते हुए अरुण साव ने वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय केवल नगर का दर्जा बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि डोंगरगांव के भविष्य को नई दिशा देने वाला फैसला है, जिसके सकारात्मक परिणाम आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र को देखने को मिलेंगे। विकास, सुविधाओं और संसाधनों के नए अवसरों के साथ अब डोंगरगांव तेजी से प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts