छत्तीसगढ़

केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह के रायपुर प्रवास पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन

*‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से लेकर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के सम्मान तक, विशेष जनसंपर्क अभियान रहा गतिशील*

 

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विशेष जनसंपर्क अभियान’ के अंतर्गत केंद्रीय वस्त्र मंत्री श्री गिरिराज सिंह के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शनिवार को रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए ।

*पर्यावरण के प्रति संकल्प: ‘एक पेड़ माँ के नाम’*

दिन की शुरुआत रायपुर के ऑक्सीजोन गार्डन में पौधारोपण के साथ हुई। सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह के साथ मिलकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर सांसद श्री अग्रवाल ने कहा, “यह अभियान केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि माँ के प्रति हमारे प्रेम और कृतज्ञता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी का यह आह्वान अब एक जन-आंदोलन बन चुका है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरित भारत की नींव रख रहा है।”

*संस्कृति और सूफी संगीत के संवाहक से भेंट*

सांसद श्री अग्रवाल एवं केंद्रीय मंत्री श्री सिंह ने सुप्रसिद्ध गायक और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. भारती बंधु जी से भेंट की। भारतीय संस्कृति और सूफी संगीत के संवाहक डॉ. भारती बंधु जी के साथ इस भेंट के दौरान मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और देश की प्रगति के विभिन्न पहलुओं पर सार्थक चर्चा हुई।

*वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान: संगठन की नींव को नमन*

‘विशेष जनसंपर्क अभियान’ की कड़ी में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल एवं केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने जनसंघ के समय से भाजपा की नींव मजबूत करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता आदरणीय श्री अप्पा खरे जी के निवास पहुंचकर उनसे और उनके परिवार से भेंट की। सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि आदरणीय अप्पा जी का स्नेह और उनका अनुभव हम सभी को निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। इस कार्यक्रम में विधायक श्री राजेश मूणत, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्री अखिलेश सोनी और जिला अध्यक्ष श्री रमेश सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।

*मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट और विकास पर चर्चा*

कार्यक्रमों की श्रृंखला में केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल की उपस्थिति में राज्य के सर्वांगीण विकास और ‘विशेष जनसंपर्क अभियान’ से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने इन आयोजनों के माध्यम से मोदी सरकार के 12 वर्षों के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा का संदेश दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts