रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत करने जा रही है। इस नई व्यवस्था के माध्यम से प्रदेशवासी अपनी शिकायतें सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मंगलवार को मंत्रालय स्थित महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इस सेवा का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे हेल्पलाइन कॉल सेंटर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी करेंगे।
नई हेल्पलाइन के जरिए नागरिक विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। इसमें सफाई व्यवस्था की समस्याएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पुलिस कार्रवाई में देरी, सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
सरकार ने शिकायत दर्ज कराने के लिए कई सुविधाजनक माध्यम उपलब्ध कराए हैं। लोग टोल-फ्री नंबर 1076 पर कॉल करने के अलावा वेब पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाट्सएप चैटबॉट के जरिए भी अपनी शिकायतें दर्ज कर सकेंगे। शिकायत दर्ज होने के बाद उसकी स्थिति और निराकरण की प्रगति की जानकारी भी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकेगी।
राज्य सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य केवल शिकायतों का पंजीकरण करना नहीं, बल्कि तय समयसीमा में उनका प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। इससे शासन और आम जनता के बीच संवाद मजबूत होने के साथ प्रशासनिक जवाबदेही भी बढ़ेगी।





