रायपुर। नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू और जंगल सफारी की सैर अब पहले की तुलना में महंगी होने जा रही है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने प्रवेश शुल्क, सफारी राइड और अन्य सुविधाओं की नई प्रस्तावित दरें जारी की हैं। नई दरों के लागू होने के बाद कई श्रेणियों में टिकट कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
नई दरों के अनुसार, 6 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए जू प्रवेश शुल्क 25 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये किया गया है। वहीं 12 वर्ष से अधिक आयु के आगंतुकों को अब 100 रुपये का टिकट लेना होगा, जो पहले 50 रुपये था। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 500 रुपये निर्धारित किया गया है।
दिव्यांगजन और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को वैध पहचान पत्र के आधार पर नि:शुल्क प्रवेश की सुविधा मिलती रहेगी। हालांकि यह छूट वीकेंड, सार्वजनिक अवकाश और सरकारी छुट्टियों के दौरान लागू नहीं होगी।
सफारी राइड के शुल्क में भी बढ़ोतरी की गई है। 6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए सामान्य बस का किराया 100 रुपये, एसी बस का 150 रुपये और इलेक्ट्रिक बस का 175 रुपये तय किया गया है। वयस्कों के लिए यह शुल्क क्रमशः 150 रुपये, 200 रुपये और 250 रुपये होगा। विदेशी पर्यटकों को सफारी के लिए 750 रुपये से लेकर 1250 रुपये तक खर्च करने होंगे।
जिप्सी सफारी के लिए प्रति व्यक्ति 700 रुपये और पूरी जिप्सी बुक करने पर 3500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए यह दर 350 रुपये प्रति व्यक्ति और 2000 रुपये प्रति जिप्सी रखा गया है। विदेशी पर्यटकों के लिए प्रति व्यक्ति 1500 रुपये और पूरी जिप्सी के लिए 7000 रुपये शुल्क तय किया गया है।
नंदनवन जू और जंगल सफारी में फोटोग्राफी तथा वीडियोग्राफी के लिए भी शुल्क देना होगा। फोटोग्राफी के लिए एक दिन का शुल्क 5000 रुपये रखा गया है, जबकि कमर्शियल वीडियोग्राफी या फिल्म शूटिंग के लिए 15,000 रुपये प्रतिदिन देना होगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों की अनुमति आवश्यक होगी।
शैक्षणिक भ्रमण को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्कूलों की कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को नि:शुल्क प्रवेश मिलेगा। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के सरकारी स्कूलों के छात्रों को 50 प्रतिशत और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को 20 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।





