छत्तीसगढ़

अवैध शराब पर कार्रवाई में लापरवाही, थाना प्रभारी पर गिरी गाज

अभनपुर। अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं कर पाने और संदिग्ध आचरण प्रदर्शित करने के आरोप में गोबरा नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक रायपुर (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिंह ने 29 मई को आदेश जारी किया।

जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को आवश्यक कार्रवाई और नियंत्रण के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार जारी रहा।

मामला तब और गंभीर हो गया जब 29 मई को एसीसीयू रायपुर की देहात टीम ने गोबरा नवापारा में लल्ला सोनवानी के ठिकाने पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां अवैध शराब बिक्री की पुष्टि हुई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन पर कार्रवाई के समय संदिग्ध संवेदनशीलता दिखाने और आरोपी लल्ला सोनवानी से एकांत में बातचीत करने के आरोप लगे।

जारी आदेश में कहा गया है कि थाना प्रभारी अपने थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में असफल रहे। साथ ही कार्रवाई के दौरान उनका आचरण भी संदेहास्पद पाया गया। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायपुर (ग्रामीण) से संबद्ध कर दिया है।

निलंबन अवधि के दौरान निरीक्षक दीपेश जायसवाल को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts