खेल

IPL 2026 एलिमिनेटर में आज RR और SRH की टक्कर, हारने वाली टीम होगी बाहर

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही क्वालीफायर-1 जीतकर फाइनल में जगह बना चुकी है। अब आज 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

इस मैच को जीतने वाली टीम क्वालीफायर-2 में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी, जबकि हारने वाली टीम का टूर्नामेंट में सफर यहीं समाप्त हो जाएगा। क्वालीफायर-2 मुकाबला भी न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। वहीं IPL 2026 का फाइनल 31 मई को अहमदाबाद में होगा।

एलिमिनेटर मुकाबला हमेशा पॉइंट्स टेबल में तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच खेला जाता है। इसमें हारने वाली टीम सीधे बाहर हो जाती है, जबकि जीतने वाली टीम को फाइनल में पहुंचने के लिए एक और मुकाबला जीतना पड़ता है। ऐसे में आज का मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

सनराइजर्स हैदराबाद इस मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी, क्योंकि लीग स्टेज में उसने राजस्थान रॉयल्स को दोनों मैचों में हराया था। पैट कमिंस की टीम 14 मैचों में 18 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल पर तीसरे स्थान पर रही। उनके अंक टॉप दो टीमों – रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटन्स – के बराबर थे, लेकिन कम नेट रन रेट के कारण उन्हें एलिमिनेटर में खेलना पड़ रहा है।

दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अहम जीत दर्ज कर प्लेऑफ में जगह बनाई। टीम ने लीग स्टेज में 14 में से 8 मुकाबले जीते और 16 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही।

अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो अब तक SRH और RR के बीच 23 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें हैदराबाद ने 14 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान को 9 मैचों में जीत मिली है। इस सीजन में भी दोनों बार हैदराबाद ने राजस्थान को हराया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts