अभिनेता रणवीर सिंह इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। एक तरफ ‘डॉन 3’ विवाद को लेकर उनका नाम चर्चा में है, वहीं दूसरी ओर फिल्म ‘कांतारा’ के एक सीन की मिमिक्री को लेकर भी वह विवादों में आ गए थे। इसी बीच रणवीर सिंह मैसूरु स्थित श्री चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह का यह दौरा कर्नाटक हाईकोर्ट के निर्देश के बाद हुआ। दरअसल, ‘कांतारा’ फिल्म के ‘दैवा’ सीन की मिमिक्री से जुड़े मामले में उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को कर्नाटक हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया था। साथ ही अदालत ने उन्हें श्री चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर दर्शन करने का निर्देश दिया था।
मंदिर में रणवीर सिंह हाथ जोड़कर जमीन पर बैठे नजर आए और भक्ति में लीन दिखाई दिए। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इससे पहले रणवीर सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए कहा था, “मेरा उद्देश्य फिल्म में ऋषभ शेट्टी की शानदार परफॉर्मेंस को सामने लाना था। एक अभिनेता होने के नाते मैं समझता हूं कि जिस तरह उन्होंने उस खास सीन को निभाया, उसके लिए कितनी मेहनत और समर्पण चाहिए। मुझे उनके काम के लिए बेहद सम्मान है।”
उन्होंने आगे कहा था, “मैं हमेशा हमारे देश की हर संस्कृति, परंपरा और विश्वास का गहरा सम्मान करता हूं। अगर मेरी बात से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं दिल से माफी मांगता हूं।”
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह इन दिनों ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइज़ी की सफलता को लेकर भी चर्चा में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने दुनियाभर में 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है और फिल्म अब भी शानदार प्रदर्शन कर रही है।





