छत्तीसगढ़राजनीति

“डायल 112 को हरी झंडी दिखाते रहिए…” पूर्व विस अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से लूट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा

रायपुर। राजधानी रायपुर में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट की घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे के बीच हुई इस वारदात पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार और गृह विभाग पर निशाना साधा है।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा डायल 112 की 400 गाड़ियों को हरी झंडी दिखाने की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “आप “डायल 112” को हरी झंडी दिखाते रहिए, उधर धरमलाल कौशिक का मोबाइल छिनकर चोर “9-2-11” हो गए हैं।”

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, “छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें। अभी सूचना मिली है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता, बिल्हा विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक जी के साथ आज मॉर्निंग वॉक के दौरान सिविल लाइन में लूटपाट हो गई है, चोर उनका मोबाइल छीनकर भाग गए। सोचिए जरा, जब देश के गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ में हैं, उस समय “मॉर्निंग वॉक” के दौरान ऐसी घटना कथित “सुशासन” पर तमाचा है। विज्ञापनजीवी सरकार को अब तक समझ जाना चाहिए कि “सुशासन तिहार” नाम की चाशनी लपेटने से कड़वी सच्चाई का स्वाद नहीं बदलेगा। हर तरफ चोरी, चाकूबाजी, हत्या, लूटपाट की घटनाएं चरम पर हैं। साथ ही प्रदेश के सबसे निकम्मे गृहमंत्री रीलबाजी और स्वागतबाजी में व्यस्त हैं।”

जानकारी के मुताबिक, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक सोमवार सुबह करीब 8 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान शंकर नगर स्थित भारत माता चौक के पास बाइक सवार बदमाश उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts