राजनांदगांव जिला चिकित्सालय में पदस्थ स्टाफ नर्स विनीता सिन्हा नर्सिंग प्रोफेशन में सेवा और समर्पण का पर्याय बन चुकी हैं। आईसीसीयू वार्ड में तैनात विनीता न केवल अपनी उच्च शैक्षणिक योग्यता के लिए जानी जाती हैं, बल्कि मरीजों के प्रति उनके सेवाभाव ने उन्हें अस्पताल स्टाफ और मरीजों के परिजनों में खास पहचान दिलाई है।
तीनों शिफ्ट में तत्पर
विनीता सिन्हा आईसीसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड में तीनों शिफ्टों में मरीजों की देखभाल के लिए हमेशा तैयार रहती हैं। गंभीर मरीजों की नर्सिंग केयर, समय पर दवा और इमरजेंसी में तुरंत रिस्पॉन्स उनकी कार्यशैली की पहचान है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, विनीता का व्यवहार मरीजों के साथ बेहद मानवीय रहता है, जिससे मरीजों को मानसिक संबल भी मिलता है।
कोरोना काल में उत्कृष्ट सेवा
कोविड-19 महामारी के दौरान जब पूरा स्वास्थ्य तंत्र दबाव में था, विनीता सिन्हा ने फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में अपनी जान की परवाह किए बिना मरीजों की सेवा की। उनके इसी योगदान के लिए उन्हें जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कृत भी किया जा चुका है।
प्रेरणास्रोत
साथी नर्सों का कहना है कि विनीता का अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा नए स्टाफ के लिए प्रेरणा है। नर्सिंग केवल नौकरी नहीं, सेवा है, इस भाव को विनीता ने अपने काम से साबित किया है।
विनीता:-“मैं बचपन से ही मानवसेवा के कार्य के लिए इच्छुक रही हूं ,आज एक नर्सिंग स्टाफ होने पर गर्व महसूस करती हूं”




