छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायगढ़-महासमुंद के लिए यलो अलर्ट जारी, तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने रायगढ़ और महासमुंद जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। अचानक मौसम बदलने से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

विभाग ने किसानों, खुले में काम करने वाले लोगों और यात्रियों को खास सावधानी बरतने को कहा है। वहीं आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए खराब मौसम में पेड़ों और खुले मैदानों से दूर रहने की अपील की गई है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट भी देखने को मिल सकती है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं अगले 5 दिनों तक प्रदेशभर में बादल छाए रहने और मेघगर्जन की स्थिति बनी रह सकती है। 11 मई से गरज-चमक की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। अगले 3 दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि संभव है।

राज्य में सबसे अधिक तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों में सुकमा 38.8, रायपुर 39.4, कवर्धा 37.6, बेमेतरा 38.2, बिलासपुर 37.4, जगदलपुर 36.4, रायगढ़ 37 और सरगुजा में 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। अगले 4 दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts