खेलछत्तीसगढ़

आईपीएल 2026: आरसीबी से मुकाबले के लिए रायपुर पहुंची मुंबई इंडियंस की टीम, एयरपोर्ट पर फैंस का जबरदस्त उत्साह

रायपुर। आईपीएल 2026 के बड़े मुकाबले से पहले मुंबई इंडियंस की टीम राजधानी रायपुर पहुंच गई है। टीम के पहुंचते ही एयरपोर्ट पर फैंस का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद रहे।

टीम के साथ कप्तान हार्दिक पांड्या और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा समेत सभी खिलाड़ी पहुंचे। एयरपोर्ट पर फैंस ने जोरदार नारेबाजी करते हुए उनका स्वागत किया।

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को इस सीजन के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का दूसरा होम ग्राउंड बनाया गया है। यहां 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा, जबकि 13 मई को बेंगलुरु की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी।

मैच के टिकट RCB की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं और उनकी कीमत ₹2,500 से ₹8,000 या उससे अधिक तक रखी गई है। 10 मई के मुकाबले के टिकट तेजी से बिक रहे हैं, जबकि 13 मई के मैच के लिए बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है।

इस आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने भी खास पहल की है। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में आने वाले छात्रों को 10 मई का मैच मुफ्त में दिखाया जाएगा।

स्टेडियम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों और अन्य सुविधाओं के साथ तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे सीमित सामान के साथ आएं और सुरक्षा जांच में सहयोग करें।

मैच के लिए इस बार डिजिटल M-टिकट जारी किए जाएंगे, जिन्हें फिजिकल टिकट में बदलने की जरूरत नहीं होगी। दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए QR कोड का उपयोग करना होगा, जो मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ही एक्टिव किया जाएगा। इससे पहले QR कोड एक्सेस नहीं किया जा सकेगा। आयोजकों के मुताबिक, यह नई व्यवस्था सुरक्षा को मजबूत करने और फर्जी एंट्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से लागू की गई है।

जानकारी के अनुसार, हर M-टिकट को सिर्फ एक बार ही ट्रांसफर किया जा सकेगा। इसके बाद उसे किसी अन्य व्यक्ति को आगे ट्रांसफर या फॉरवर्ड नहीं किया जा सकेगा। टिकट ट्रांसफर करते समय यूजर को रिसीवर का मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। जैसे ही ट्रांसफर कंफर्म होगा, पुराने यूजर की एक्सेस तुरंत समाप्त हो जाएगी। नया यूजर वेबसाइट या ऐप में लॉगिन कर टिकट को एक्सेस कर सकेगा। आयोजकों के मुताबिक, इस सिस्टम को विशेष रूप से ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाने के उद्देश्य से लागू किया गया है।

स्टेडियम के गेट दोपहर 3:30 बजे से खुलेंगे और दर्शकों को अपने टिकट में दिए गए गेट नंबर के अनुसार ही प्रवेश मिलेगा। मैच के दौरान दोबारा एंट्री की अनुमति नहीं होगी। 2 साल से अधिक उम्र के बच्चों के लिए अलग टिकट जरूरी रहेगा और एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार टिकट ही खरीदे जा सकेंगे।

रायपुर में होने वाले इन मुकाबलों को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है और पूरा शहर क्रिकेट के रंग में रंगा नजर आ रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts