रायपुर. छत्तीसगढ़ में इन दिनों तेज गर्मी बनी हुई है और बीते 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं देखा गया। हालांकि कुछ इलाकों में बादल गरजने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश की गतिविधियां जरूर दर्ज की गईं। अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में राहत के संकेत दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के भीतर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, हालांकि इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने के संकेत हैं।
सोमवार को राज्य के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। गादीरास में 2 सेमी वर्षा हुई, जबकि जगरगुंडा, दरभा, लोहांडीगुड़ा और नारायणपुर में 1 सेमी पानी गिरा। वहीं राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। दूसरी ओर पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के मुताबिक,
“एक पश्चिमी विक्षोभ 72 डिग्री पूर्व और 28 डिग्री उत्तर में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। दूसरा ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण अंदरूनी उड़ीसा और उसके आसपास 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से मणिपुर तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका विदर्भ से कोमोरिन क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।”
इन मौसमी सिस्टम के असर से 5 और 6 मई को प्रदेश के सभी संभागों में बारिश की संभावना जताई गई है। कई जगहों पर अंधड़, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।
मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटा), आकाशीय बिजली और बारिश की चेतावनी दी गई है।
रायपुर के लिए जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज शहर में आंशिक बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





