भिलाई में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी के अवैध कब्जे पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने भिलाई-तीन थाना क्षेत्र के पुरैना में पहुंचकर आरोपी के अवैध मकान को बुलडोजर से ढहा दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के खिलाफ नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर मामला दर्ज है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस ने आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन पुरैना गांव में शासकीय जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे थे। नगर निगम की ओर से पहले ही नोटिस जारी कर मकान खाली करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसका पालन नहीं किया गया।
इसके बाद सोमवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विधिसम्मत कार्रवाई शुरू की। मकान में रखे सामान को पहले विधिवत जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया और फिर बुलडोजर चलाकर पूरे अतिक्रमण को हटा दिया गया।
प्रशासन ने साफ किया है कि शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।





