रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) के 10वीं और 12वीं के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। ताजा जानकारी के अनुसार, बोर्ड परीक्षा के परिणाम 29 या 30 अप्रैल तक जारी किए जा सकते हैं।
मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है और फिलहाल काउंटिंग मिलान के साथ रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ऐसे में बोर्ड कभी भी परिणाम घोषित करने की तारीख का ऐलान कर सकता है।
गौरतलब है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 20 और 21 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चली थीं। हालांकि हिंदी पेपर लीक होने की घटना के चलते 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा करानी पड़ी, जिसके कारण रिजल्ट जारी होने में देरी हुई। पहले बोर्ड ने 15 अप्रैल तक परिणाम जारी करने का लक्ष्य रखा था।
इस साल हाईस्कूल (कक्षा 10वीं) में 3,20,535 और हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) में 2,45,785 छात्र शामिल हुए हैं। बड़ी संख्या में विद्यार्थी आगे की प्रवेश परीक्षाओं के लिए रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।
पिछले साल यानी 7 मई 2025 को परिणाम घोषित किए गए थे, जिसमें कक्षा 10वीं का पास प्रतिशत 68.76% और कक्षा 12वीं का 82.25% रहा था। अब छात्रों और अभिभावकों की नजरें बोर्ड की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं।





