क्रांइमदेश

मुरादाबाद में बड़ा हादसा: ड्राइवर बदलते समय डबल डेकर बस पलटी, 20 यात्री घायल

मुरादाबाद। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्री घबराकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।

जानकारी के अनुसार, बस सीतापुर से दिल्ली जा रही थी और उसमें करीब 70 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस को कंडक्टर चला रहा था। चलती बस में ड्राइवर बदलने की कोशिश की जा रही थी, इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सर्विस रोड पर पलट गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में करीब 20 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। घटना के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा, “सीतापुर की ओर से आ रही एक डबल डेकर बस ड्राइवर चेंज करते समय अनियंत्रित होकर सर्विस रोड पर पलट गई। इसके बाद थाना मुंढापांडे से पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंची और बस में सवार यात्रियों का रेस्क्यू करने के उपरांत अस्पताल में दाखिल कराया गया। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी यात्री की जान नहीं गई।”

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts