छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक बेहद मार्मिक मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक मजबूर पति अपनी बीमार पत्नी को खाट पर बांधकर बाइक से अस्पताल तक ले जाने को मजबूर है।
जानकारी के अनुसार, बोड़ला विकासखंड के नागवही गांव निवासी समलु मरकाम पिछले एक साल से अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए इसी तरह जद्दोजहद कर रहा है। उसने बाइक पर खाट बांधकर उसे ही जुगाड़ एंबुलेंस बना लिया है, ताकि पत्नी को लिटाकर अस्पताल ले जा सके। इसके बावजूद उसे कहीं से ठोस मदद नहीं मिल पाई है।
गुरुवार को वह अपनी पत्नी को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। भीषण गर्मी में वह अपनी पत्नी को बाइक पर सुलाकर कलेक्ट्रेट की दहलीज तक पहुंचा, जहां उसने मदद की अपील की।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर गोपाल वर्मा ने तत्काल एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इससे पहले भी इस परिवार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें पति अपनी पत्नी को खाट पर लादकर अस्पताल ले जाता नजर आया था। उस समय प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इलाज के लिए 10 हजार रुपये की सहायता दी थी, लेकिन वह राशि इलाज के लिए नाकाफी साबित हुई।
लगातार बिगड़ती हालत और आर्थिक तंगी ने इस परिवार को पूरी तरह से तोड़ दिया है।





