छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में गर्मी का तांडव शुरू, राजनांदगांव में पारा 43 डिग्री पहुंचा, कई इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अब तेज रूप ले लिया है। एंटी साइक्लोन के प्रभाव के चलते पूरे प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों में करीब 3 डिग्री तक पारा चढ़ा है और आने वाले दिनों में इसके 44 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

बुधवार को सबसे ज्यादा गर्मी राजनांदगांव में दर्ज की गई, जहां तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा और कुछ इलाकों में हीटवेव की स्थिति बन सकती है।

हीटवेव की संभावना
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने कहा, “एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका दक्षिण पूर्व मध्य प्रदेश से कोमोरिन तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात कर्नाटक और उससे लगे महाराष्ट्र के ऊपर विस्तारित है। प्रदेश में आज मौसम शुष्क करने की संभावना है। वहीं प्रति चक्रवात की उपस्थिति के कारण, प्रदेश में अधिकतम तापमान में लगातार वृद्धि होने की संभावना है। यह वृद्धि मध्य क्षेत्र में दो से तीन डिग्री तक, अगले दो दिनों में होने की संभावना है। मध्य क्षेत्र में एक दो पैकेट में ग्रीष्म लहर चलने या ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनने की संभावना है।”

प्रदेश में प्रमुख तापमान (°C):
राजनांदगांव – 43 (सर्वाधिक)
धमतरी – 42.9
दुर्ग – 41.9
बिलासपुर – 41.9
रायपुर – 41.7
बेमेतरा – 41.6
मुंगेली – 41.5
बालोद – 41.3
कबीरधाम – 41.1
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही – 40.2
बस्तर – 39.3
सुकमा – 39.2
सरगुजा – 39.1

रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है। यहां अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts