रायपुर। छत्तीसगढ़ में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजधानी से चेन स्नैचिंग करने वाले एक गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं। सभी आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में वारदात को अंजाम देते थे।
एक दर्जन से ज्यादा वारदातों को दिया अंजाम
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने रायपुर शहर में एक दर्जन से अधिक चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था। ये सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में वारदात कर चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 हजार रुपए नगद, सोने की चेन, मोबाइल फोन और एक इनोवा वाहन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपए आंकी गई है।
डीडी नगर थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 304 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में 7 मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं, जबकि 1 आरोपी महाराष्ट्र की है।
इस तरह पुलिस के हत्थे चढ़ा गिरोह
क्राइम एंड साइबर पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि 8 अप्रैल 2024 को डीडी नगर थाने में तरुणेन्द्र वर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी माता निर्मल वर्मा चंगोराभाठा सब्जी मार्केट में सब्जी लेने गई थीं, जहां उनकी सोने की चेन चोरी हो गई।
इस मामले के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह को धर दबोचा।
“रायपुर के भाटागांव बस स्टैंड के आसपास घेराबंदी करके चेन स्नेचिंग करने वाले गिरोह की 7 महिला सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है- स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त, क्राइम एंड साइबर पुलिस रायपुर”
कई थाना क्षेत्रों में फैला था नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रायपुर के डीडी नगर, सरस्वती नगर, कोतवाली, गोल बाजार और खमतराई थाना क्षेत्रों में चेन स्नैचिंग की कई वारदातों को अंजाम दिया था।
फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।





