आईपीएल 2026 में आज राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमें सीजन का अपना तीसरा मैच खेलने उतरेंगी। जहां रियान पराग की कप्तानी में राजस्थान ने अपने शुरुआती दोनों मैच जीते हैं, जबकि पहली जीत के बाद मुंबई अपने पिछले मैच में हार गई थी।
यह मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, लेकिन मौसम इस मैच में अहम भूमिका निभा सकता है। बारिश की संभावना को देखते हुए मुकाबले पर खतरा मंडरा रहा है।
बारिश बन सकती है बाधा
आईपीएल का पिछला मुकाबला (कोलकाता बनाम पंजाब) भी बारिश के कारण रद्द हो गया था, जिसमें सिर्फ 3.4 ओवर का ही खेल हो सका था। आज फिर बारिश मैच में विलेन बन सकती है, क्योंकि गुवाहाटी में बारिश की संभावना जताई गई है। शुरूआती स्टेज में राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस दोनों ही नहीं चाहेगी कि मैच रद्द हो।
कैसा रहेगा गुवाहाटी का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार गुवाहाटी में आज करीब 10 प्रतिशत बारिश की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और नमी भी रहेगी, जिसका असर पिच पर देखने को मिल सकता है।
ऐसे हालात में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है। मौसम को देखते हुए आज तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना है, उन्हें ‘सीम मूवमेंट’ मिलेगा।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
अब तक दोनों टीमों के बीच 31 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें मुंबई इंडियंस ने 16 मैच जीते हैं, जबकि राजस्थान रॉयल्स को 14 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच बेनतीजा रहा है।
क्या खेलेंगे हार्दिक पांड्या?
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पिछले मैच में नहीं खेल पाए थे, जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। हार्दिक पांड्या बीमार होने के कारण खेल नहीं पाए थे, उनकी गैरमौजूदगी में सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी संभाली थी। लेकिन वे टीम के साथ गुवाहाटी पहुंच चुके हैं। ऐसे में आज उनके खेलने की संभावना ज्यादा मानी जा रही है।
कब और कहां देखें मैच?
राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 7 बजे होगा। मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा और जियोहॉटस्टार ऐप व वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देखी जा सकेगी।





