रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 20 दिन बाद भी फिल्म की रफ्तार बरकरार है और दर्शकों का उत्साह कम होने का नाम नहीं ले रहा। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर को आम दर्शकों के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्स का भी खूब प्यार मिल रहा है।
इसी बीच अब क्रिकेट जगत के दिग्गज विराट कोहली ने भी फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए फिल्म और इसके कलाकारों की जमकर सराहना की।
विराट कोहली का रिव्यू
विराट कोहली ने लिखा,
“आज मैंने फिल्म देखी और मैं यह दावे से कह सकता हूं कि भारत में मैंने इससे पहले कभी ऐसे सिनेमा का अनुभव नहीं किया है। इस फिल्म ने हर तरह की भावनाओं को उभारा है और 4 घंटे तक मैं एक सेकंड के लिए भी बोर नहीं हुआ हूं।”
उन्होंने आगे फिल्म के निर्देशक और कलाकारों की तारीफ करते हुए कहा,
“आदित्य धर, आपका टैलेंट और विश्वास आपकी बनाई गई इस फिल्म में साफ-साफ झलकता है… आपको सलाम। आप जीनियस हैं। वैसे तो हर कलाकार अपने रोल में बहुत ही शानदार था, लेकिन रणवीर सिंह, इस फिल्म के बाद तुम एक अलग स्तर पर ही पहुंच चुके हो। तुम्हारी परफॉर्मेंस बेहतरीन से भी बहुत आगे की थी। वाकई लाजवाब।”
आदित्य धर हुए भावुक
विराट कोहली की इस तारीफ से फिल्म के निर्देशक आदित्य धर भावुक हो गए। उन्होंने पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा,
“वाऊ… मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि ऐसा हो रहा है। विराट, यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं अंडर-19 विश्व कप के दिनों से ही आपका बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। एक पीढ़ी में जन्म लेने वाले आप जैसे दिग्गज जब फिल्म को इस कदर प्यार देते हैं, तो वह दिल को एक अलग ही लेवल पर छूता है।”
आदित्य ने आगे कहा,
“जिस तरह से आप हर बार हमारे देश का प्रतिनिधित्व करते हैं, वह हम सभी के लिए बेहद प्रेरणादायक है। हम भी अपनी इस फिल्म के जरिए भारत को गौरवान्वित महसूस कराने की कोशिश कर रहे हैं… जय हिन्द।”
गौरतलब है कि विराट कोहली से पहले भी आमिर खान, विक्की कौशल, अनुपम खेर, आयुष्मान खुराना और आलिया भट्ट जैसे कई सितारे धुरंधर: द रिवेंज की तारीफ कर चुके हैं।





