तीन मैच लगातार हारने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। टीम अब तक इस सीजन में अपना खाता नहीं खोल पाई है और अंक तालिका में नीचे बनी हुई है। ऐसे में फैंस के लिए एक अच्छी अपडेट आई है, जो टीम की वापसी की उम्मीद बढ़ा सकती है।
ब्रेविस की वापसी की उम्मीद
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में सीएसके ने अब तक तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों में हार का सामना किया है। हाल ही में खेले गए मैच में टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी शिकस्त मिली।
इस बीच टीम के लिए राहत की बात यह है कि युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस अगले मैच में वापसी कर सकते हैं। वे साइड स्ट्रेन की समस्या के कारण अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं।
टीम के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने कहा, “अब अगले मैच के लिए काफी वक्त है और टीम ब्रेविस के आने का इंतजार कर रही है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले मुकाबले तक ब्रेविस फिट होकर टीम में शामिल हो सकते हैं।
कब है अगला मुकाबला
सीएसके अब अपना अगला मैच 11 अप्रैल को खेलेगी, जहां उसका मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मैच चेन्नई के घरेलू मैदान पर खेला जाएगा।
लगातार मैचों के बाद टीम को करीब छह दिन का ब्रेक मिला है, जिससे खिलाड़ियों को आराम और रणनीति बनाने का समय मिलेगा।
ब्रेविस का रिकॉर्ड
आईपीएल 2025 के बीच में ब्रेविस सीएसके में शामिल हुए थे। हालांकि टीम का सीजन तो बहुत खराब गया था, लेकिन ब्रेविस ने अपनी कुछ पारियों से सभी का ध्यान खींचा था। उन्होंने छह पारियों में 225 रन बनाए थे, इसमें उनका स्ट्राइक रेट 180 का रहा था। इसके बाद टीम ने उन्हें साल 2026 के लिए रिटेन करने का काम किया था।
हालांकि इस सीजन की शुरुआत से पहले वे पूरी तरह फिट नहीं थे, जिसके कारण शुरुआती तीन मैच नहीं खेल सके। अब अगर उनकी वापसी होती है तो टीम की बल्लेबाजी और मजबूत हो सकती है।





