नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी माइथोलॉजिकल फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। फैंस लंबे समय से इस फिल्म के टीजर का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। जो अब हनुमान जयंती के खास मौके पर पूरा हो गया है। इससे पहले फिल्म के सेट से कई लुक्स लीक हो चुके थे, जिससे दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही थी।
2 मिनट 38 सेकंड के इस धमाकेदार टीजर में भगवान राम बनकर पर्दे पर आए रणबीर कपूर की कुछ शानदार झलकियां दिखाई गई हैं। नितेश तिवारी ने ‘रामायण’ के माध्यम से एक नए नजरिए को दुनियाभर तक पहुंचाने की कोशिश की है। इस छोटे से टीजर की शुरुआत उस समय से होती है, जब राक्षसों ने पूरी दुनिया में त्राहि-त्राहि मचाई हुई थी.. ‘जब-जब दुनिया में उथल-पुथल मची हुई थी, तो कैसे श्रीराम सभी सवालों का जवाब बनकर आएं।’
‘रामायण’ के टीजर की शुरुआत रणबीर कपूर की अयोध्या में एंट्री से होती है। जब वह अपने राज्य में प्रवेश करते हैं, तो उन पर फूलों की वर्षा की जाती है, जिससे तुरंत ही भगवान राम के रूप में उनकी राजसी उपस्थिति स्थापित हो जाती है। टीजर में उनका ‘वॉरियर मोड’ और सीता व लक्ष्मण के साथ उनके वनवास के दृश्य भी दिखाए गए हैं। वहीं अंत में ‘रावण’ के रूप में यश की झलक दिखाई गई है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा ने टीजर शेयर करते हुए एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने लिखा,
“राम सभी में सबसे श्रेष्ठ थे। उन्होंने ऐसा जीवन जिया जिसमें उनके द्वारा लिए गए फैसले हमेशा बड़े हित में होते थे। उन्होंने अपनी इच्छाओं के ऊपर कर्तव्य को रखा और खुद के ऊपर त्याग को चुना। उनकी विरासत समय के साथ मानवता को बेहतर और सशक्त बनाती जा रही है। वह मानव को अच्छाई में भरोसा दिलाते हैं, ताकि वह सभी संघर्षों का समाधान जीवन में ढूंढ सके और दुनिया में शांति बनी रहे।”
फिल्म की रिलीज की बात करें तो ‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जबकि इसका दूसरा भाग 2027 की दीवाली पर दर्शकों के सामने आएगा।





