आईपीएल 2026 के बीच एक दुखद खबर सामने आई है। आईपीएल मैचों के ब्रॉडकास्ट इंजीनियर की मुंबई में जान चली गई है। जिससे खेल जगत में शोक का माहौल है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
मृतक की पहचान ब्रिटिश नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड के रूप में हुई है, जो भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के साथ आईपीएल मैचों में ब्रॉडकास्ट इंजीनियर के तौर पर काम कर रहे थे। वह 24 मार्च से मुंबई के ट्राइडेंट होटल में ठहरे हुए थे।
जानकारी के अनुसार, 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच मुकाबला खत्म होने के बाद वह अपने कमरे (नंबर 2715) में लौटे थे। अगले दिन, 30 मार्च को जब रिसेप्शन से उनके कमरे में कॉल किया गया तो कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद होटल स्टाफ उनके कमरे तक पहुंचा। अंदर से प्रतिक्रिया न मिलने पर मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया, जहां इयान विलियम्स लैंगफोर्ड फर्श पर पड़े मिले। तुरंत होटल के इन-हाउस डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच चल रही है।





