खेल

IPL 2026 से पहले महेंद्र सिंह धोनी चोटिल, दो हफ्ते रहेंगे बाहर; चेन्नई को बड़ा झटका

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के दिग्गज खिलाड़ी और पूर्व कप्तान एमएस धोनी टूर्नामेंट के शुरुआती दो हफ्तों तक मुकाबला नहीं खेल पाएंगे। वह पिंडली में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं और फिलहाल रिकवरी में हैं।

चेन्नई अपना पहला मुकाबला 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में खेलेगी, लेकिन इस मैच समेत शुरुआती मुकाबलों में टीम को धोनी की कमी खलेगी।

टीम ने इसको लेकर सोशल मीडिया पर जानकारी दी है। चेन्नई सुपर किंग्स ने ट्वीट में कहा, “एमएस धोनी इस समय पिंडली में खिंचाव की समस्या से उबरने के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। इसी कारण उनके टाटा आईपीएल 2026 के शुरुआती दो हफ्तों में मैदान पर उतरने की संभावना नहीं है।”

अगर वह तय समय में फिट हो जाते हैं, तो उनकी वापसी अप्रैल के दूसरे हफ्ते में हो सकती है। ऐसे में वह दिल्ली कैपिटल्स (11 अप्रैल) या कोलकाता नाइट राइडर्स (14 अप्रैल) के खिलाफ मैच में खेलते नजर आ सकते हैं।

धोनी की गैरमौजूदगी में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन को दी जा सकती है, सैमसन को पिछले साल दिसंबर में आईपीएल 2026 ऑक्शन से पहले टीम में शामिल किया गया था, जब चेन्नई ने रवींद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड करके उन्हें अपनी टीम में लिया था।

गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी धोनी लगातार IPL में खेल रहे हैं। पिछले सीजन में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सभी 14 मैच खेले और 24.5 के औसत व 135.17 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए। वहीं, जब नियमित कप्तान रुतुराज गायकवाड़ कोहनी की चोट के चलते टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे, तब धोनी ने शुरुआत में टीम की कमान संभालकर नेतृत्व की जिम्मेदारी भी निभाई।

चेन्नई सुपर किंग्स का 2025 सीजन काफी खराब रहा था, टीम 14 में सिर्फ 4 मैच जीतकर सबसे नीचे रही। वहीं, 44 साल के महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन में खेलते ही आईपीएल के सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं और प्रवीण तांबे का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts