राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर में पदस्थ एक नर्सिंग ऑफिसर को बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर जालसाजों ने 1.64 लाख रुपए की चपत लगा दी।
पुलिस के मुताबिक, हीरापुर स्थित हर्षित विहार निवासी हरकेश सिंह यादव (36) सरोना में अपना नया मकान बनवा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने चंगोराभाठा स्थित बिजली कार्यालय में नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। 25 मार्च को उनके घर मीटर लगाया गया।
अगले दिन 26 मार्च को उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि, “आपके नए मीटर का वेरिफिकेशन बाकी है।”
जालसाज ने भरोसा जीतने के लिए उनका सही BP नंबर भी बताया और व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजकर इंस्टॉल करने को कहा। इसके बाद उनसे डिटेल भरवाई गई और 13 रुपए की फीस जमा करने के लिए कहा गया। जैसे ही पीड़ित ने अपने HDFC Bank के क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरकर सबमिट किया, उनके मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे।
आमानाका पुलिस के अनुसार, ठगों ने पीड़ित के खाते से पहला ट्रांजेक्शन Blinkit और दूसरा ट्रांजेक्शन एप्पल कंपनी के खाते में किया है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





