छत्तीसगढ़

सीएम साय का सख्त संदेश: अफीम की खेती पर होगी कार्रवाई, बड़े रसूखदार भी नहीं बचेंगे

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अफीम की अवैध खेती, विदेश नीति और नक्सलियों के आत्मसमर्पण जैसे अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने साफ कर दिया कि प्रदेश में कहीं भी अफीम की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्ग जिले में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद ही सभी कलेक्टरों को कड़े निर्देश दिए गए थे। कई स्थानों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ऐसी खेती को चिन्हित भी किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “चाहे कितने भी बड़े रसूखदार क्यों न हों, सरकार कार्रवाई जरूर करेगी।” साथ ही यह भी बताया कि इस विषय पर कलेक्टरों की बैठक लेकर उनसे रिपोर्ट मांगी गई है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

विपक्ष द्वारा केंद्र सरकार की विदेश नीति को कमजोर बताने पर सीएम साय ने पलटवार करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी देश के मजबूत नेता हैं और उनकी विदेश नीति प्रभावी है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए रास्ते खुले हैं और गैस व तेल की आपूर्ति भी सुगम हुई है।

नक्सलियों के सरेंडर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का स्पष्ट संकल्प है कि देश से नक्सलवाद खत्म किया जाएगा। 31 मार्च की समय सीमा के बीच लगातार नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं और पापाराव जैसे बड़े नक्सलियों का सरेंडर होना सकारात्मक संकेत है। सीएम साय ने इसे राज्य और देश के लिए अच्छी खबर बताते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts