मध्यप्रदेश

मार्च में ही तपने लगा मध्य प्रदेश, नर्मदापुरम में पारा 40°C पार, कई जिलों में लू; 15 मार्च से बारिश के आसार

भोपाल। मध्य प्रदेश में मार्च के महीने में ही गर्मी का असर तेज हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। नर्मदापुरम में लगातार दूसरे दिन लू चली और यहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 6.6 डिग्री ज्यादा है।

प्रदेश के अन्य जिलों में भी गर्मी का असर देखने को मिला। रतलाम में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री, मंडला में 39 डिग्री, धार और खजुराहो में 38.9 डिग्री, दमोह में 38.5 डिग्री और खरगोन में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सागर, टीकमगढ़ और सिवनी में तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस रहा।

बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में सबसे अधिक 37.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा इंदौर में 37.6 डिग्री, जबलपुर में 37.5 डिग्री, उज्जैन में 37.4 डिग्री और ग्वालियर में 36.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है।

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि 15 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts