छत्तीसगढ़

सूरजपुर में घरेलू LPG सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर कार्रवाई, 24 सिलेंडर जब्त

सूरजपुर। मिडिल ईस्ट देशों में जारी तनाव के बीच एलपीजी गैस को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन सतर्क हो गया है। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 24 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई प्रतापपुर, भैयाथान और सूरजपुर मुख्यालय के अलग-अलग व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में की गई।

खाद्य विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई कर उन दुकानों और प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक काम में किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार घरेलू सिलेंडर का इस तरह उपयोग करना नियमों के खिलाफ है।

जिला खाद्य अधिकारी संदीप भगत ने बताया कि हाल ही में कलेक्टर की अध्यक्षता में सभी गैस एजेंसियों और तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई थी। बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि जिले में कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी नहीं है।

उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा, “लोगों से अपील कि गई है कि अफवाहों के चक्कर में ना पड़ें घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। यदि किसी प्रकार की कोई जमाखोरी या अधिक दरों पर विक्रय करता है तो इसकी तत्काल शिकायत करें। जांच के लिए तहसीलदार के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें बनाई गई है जो लगातार कार्रवाई कर रही है।”

जिला खाद्य अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति घरेलू सिलेंडर का उपयोग व्यवसायिक रूप से करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने बताया कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और हमलों के कारण गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर कई तरह की अफवाहें फैल रही हैं। इन अफवाहों को रोकने और जमाखोरी पर लगाम लगाने के लिए जिले में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts