रायपुर। दुर्ग जिले के बाद बलरामपुर के कुसमी क्षेत्र में अफीम की खेती पकड़े जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। वहीं सरकार की ओर से मंत्री राजेश अग्रवाल ने जवाब देते हुए कहा है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, “फिर पकड़ी गई अफीम! मैंने पहले ही कहा था कि दुर्ग तो महज पर्दाफ़ाश की शुरुआत थी। अफीम सहित सूखे नशे का कारोबार सुनियोजित तरीके से मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के संरक्षण में चल रहा है। दुर्ग में जो भाजपा नेता अफीम की खेती करते पकड़ा गया, उसे विष्णुदेव सरकार ने मुख्य आरोपी तक नहीं बनाया। यह खेल बड़ा है। पूरी भाजपा इस नशे के कारोबार में लिप्त है।”
वहीं इस मामले में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि, “सरकार नशे के सौदागरों और नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। दुर्ग के बाद बलरामपुर से भी अफीम की खेती की जानकारी मिली, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रदेश में कहीं भी इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जा रही है।”
मंत्री राजेश अग्रवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत सरकार और प्रशासन को सूचना दें, क्योंकि सामाजिक जागरूकता बेहद जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा, “पिछले दो वर्षों में गांजा तस्करी और अन्य नशे से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई हुई है। पहले कई मामलों में आरोपी पकड़े नहीं जा पाते थे, लेकिन अब पुलिस और प्रशासन की सख्ती से लगातार बड़ी कार्रवाई हो रही है। नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य जल्द ही पूरे प्रदेश को नशा मुक्त बनाना है।”





