लखनऊ में आयोजित एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान मशहूर सिंगर सुनिधि चौहान भावुक हो गईं और स्टेज पर ही उनकी आंखों से आंसू निकल आए। अपनी दमदार आवाज और एनर्जेटिक परफॉर्मेंस के लिए जानी जाने वाली सुनिधि इन दिनों देशभर में कॉन्सर्ट कर रही हैं। 7 मार्च को लखनऊ में हुए उनके शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कॉन्सर्ट के दौरान सुनिधि रेड और ब्लैक रंग के गाउन में नजर आईं। उन्होंने कर्ली हेयर के साथ अपना लुक पूरा किया था। परफॉर्मेंस के बीच उन्होंने दर्शकों से कहा कि उनका गला ठीक नहीं है, फिर भी वह शो जारी रखेंगी। इसी दौरान वह भावुक भी हो गईं।
स्टेज पर उन्होंने कहा,
“आज मेरा गला बहुत खराब है. आज मेरी आवाज बहुत ज्यादा खराब है. लेकिन मुझे पता है कि आप लोग मेरे साथ हैं और मैं भी गाऊंगी. हे भगवान. ये मेरे साथ पहले कभी नहीं हुआ और ये शर्मिंदा करने वाला है. मुझे माफ कीजिएगा. मुझे थोड़ा हैवी फील हो रहा है. मैं हमेशा 100 परसेंट देना चाहती हूं. लेकिन दुर्भाग्य से… मैं कोशिश कर रही हूं. हो सकता है ये हमेशा की तरह न हो. तो प्लीज माफ कर दो. थैंक्यू इतने सारे प्यार के लिए.”
सुनिधि की इस ईमानदारी और समर्पण को देखकर वहां मौजूद फैंस ने उन्हें खूब सपोर्ट किया और तालियों से उनका हौसला बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने पूरी कोशिश के साथ अपनी परफॉर्मेंस जारी रखी।
अगर सुनिधि चौहान के गानों की बात करें तो उन्होंने बॉलीवुड को कई हिट गाने दिए हैं। उनके लोकप्रिय गानों में गुन गुन गुना, तुझको ना देखूं तो, मुझसे शादी करोगी, रिश्ता दिलों का, पास बुलाती है, ऐसा क्यों मां, सामी सामी, दावत-ए-इश्क, क्रेजी किया रे और आजा नचले जैसे गाने शामिल हैं, जिन्हें फैंस आज भी बेहद पसंद करते हैं।




