बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान जल्द ही एक नई पैन इंडिया फिल्म में नजर आने वाले हैं। खबर है कि इस फिल्म में उनके साथ साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री नयनतारा दिखाई देंगी। ‘सिकंदर’ में रश्मिका मंदाना के साथ स्क्रीन शेयर करने के बाद अब सलमान एक और साउथ सुपरस्टार के साथ काम करने जा रहे हैं।
नयनतारा इससे पहले साल 2023 में शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जवान’ से हिंदी सिनेमा में डेब्यू कर चुकी हैं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी। हालांकि इसके बाद उन्होंने तुरंत कोई हिंदी फिल्म साइन नहीं की, लेकिन अब खबरें हैं कि वह सलमान खान के साथ अपनी दूसरी बॉलीवुड फिल्म करने वाली हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पैन इंडिया फिल्म का निर्देशन वामशी पेडिपल्ली करेंगे, और इसका निर्माण दिल राजू की प्रोडक्शन कंपनी के बैनर तले होगा। पैन इंडिया दर्शकों को ध्यान में रखते हुए फिल्म में हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा दोनों ही तरफ कुछ नामचीन कलाकारों को कास्ट किया जाना है।
रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि फिल्म में अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु की एंट्री भी हो सकती है। हालांकि बाकी कलाकारों की कास्टिंग अभी जारी है और फिल्म को लेकर आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।
वहीं सलमान खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के बाद वह नयनतारा के साथ इस नई फिल्म की शूटिंग शुरू कर सकते हैं।




