अभिनेता रणवीर सिंह की स्पाई-एक्शन ड्रामा फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। पहली फिल्म की सफलता के बाद इसके दूसरे पार्ट को और बड़े स्तर पर बनाया गया है, जिसका फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
रणवीर सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ट्रेलर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा- “मैंने कहा था ना, ये निजी मामला है… ट्रेलर अब रिलीज़ हो गया है। 18 मार्च को होने वाले प्रीव्यू के लिए अभी बुक करें। ‘धुरंधर द रिवेंज’ 19 मार्च को गुड़ी पड़वा, उगादी और ईद के मौके पर दुनिया भर में रिलीज हो रही है।”
इससे पहले रणवीर सिंह ने एक पोस्टर जारी कर बताया था कि फिल्म का ट्रेलर 7 मार्च को सुबह 11 बजकर 1 मिनट पर रिलीज किया जाएगा। पोस्टर में वे ‘हमजा’ के किरदार में बेहद इंटेंस अंदाज में नजर आए थे, जिसे देखकर फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई थी।
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’ अपने पहले पार्ट से कई गुना बड़ी और ग्रैंड बताई जा रही है। फिल्म का रन टाइम भी लगभग 3.45 घंटे बताया जा रहा है।
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और आर. माधवन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं अक्षय खन्ना भी रहमान डकैत बनकर थोड़ी-थोड़ी देर के लिए स्क्रीन पर नजर आ सकते हैं।
रिलीज से पहले ही फिल्म को लेकर जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। इस फिल्म की एडवांस वर्ल्डवाइड बुकिंग भी जोरदार है। ट्रेलर आने से पहले, फिल्म ने अभी तक यूएस में करीब 1 मिलियन डॉलर के करीब कमाई कर डाली है। 19 मार्च को यह फिल्म सिनेमाघरों में सोलो रिलीज होगी।





