दुर्ग : जिले में होली से पहले भिलाई में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। हुड़दंग करने वालों की सूचना देने पर इनाम की घोषणा के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
वैशाली नगर के विधायक रिकेश सेन ने घोषणा की है कि होली के दिन अगर कोई व्यक्ति ट्रिपल राइडिंग करते, बिना हेलमेट गाड़ी चलाते, अर्धनग्न होकर घूमते या हथियार लहराते, महिलाओं के साथ बदसलूकी करते दिखता है, तो उसकी सूचना दें. सूचना देने के लिए वाहन नंबर, फोटो और वीडियो व्हाट्सएप पर भेजें. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वीडियो के आधार पर पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सूचना देने वाले को 21,000 रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी.
उन्होंने कहा,
“होली खुशियों और भाईचारे का पर्व है. महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा. हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हुड़दंगियों की सूचना दें, हम कार्रवाई करेंगे- रिकेश सेन, विधायक वैशाली नगर”
इस घोषणा पर भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,
“यह कदम दिखाता है कि विधायक को सुशासन की पुलिस पर विश्वास नहीं है. मैं बस यही अपील करता हूं कि होली जरूर खेलें, लेकिन किसी और की होली खराब न करें.- देवेंद्र यादव, विधायक भिलाई नगर”
इन बयानों के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि त्योहार शांति और सौहार्द के साथ संपन्न होता है या बयानबाजी का सिलसिला आगे भी जारी रहता है।





