महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी 5 मार्च को होने जा रही है। पिछले साल अर्जुन ने सोनिया चंडोक के साथ सगाई की थी और अब शादी के कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है।
प्री-वेडिंग सेरेमनी के लिए तेंदुलकर परिवार जामनगर पहुंचा, जहां वे अंबानी परिवार के साथ जश्न में शामिल हुए। इस खास मौके का वीडियो मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।
अंबानी हाउस में हुई पूजा
तेंदुलकर परिवार ने वहीं पूजा के साथ सेलिब्रेशन शुरू किया, जिस जगह पर अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी हुई थी। समारोह में तेंदुलकर परिवार के साथ सोनिया चंडोक का परिवार भी मौजूद रहा।
इस दौरान नीता अंबानी ने भावुक शब्दों में कहा—
“हम यहां उसी जगह पर इकट्ठा हुए हैं जहां दो साल पहले अनंत और राधिका ने शादी की थी। सचिन और अंजलि आप हमेशा से हमारे परिवार की तरह रहे हो और आज तुम्हारी खुशी में शामिल होकर हमारा दिल भर आया है। मेरे प्यारे अर्जुन, मैंने तुम्हें हमारे स्कूल में एक छोटे लड़के से लेकर अब यहां खड़े होकर, अपनी जिंदगी की सबसे खूबसूरत पार्टनरशिप शुरू करने के लिए तैयार होते देखा है।”
सचिन का इमोशनल मैसेज
इस खास मौके पर सचिन तेंदुलकर ने अंबानी परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा—
“हम इस कपल को आगे के सफर के लिए आशीर्वाद देने के लिए इससे बेहतर जगह और बेहतर लोग नहीं चुन सकते थे। हमें यहां बुलाने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।”
इसके बाद सचिन ने बेटे अर्जुन और उनकी होने वाली पत्नी के रिश्ते पर भी भावुक अंदाज में बात की। उन्होंने कहा—
“जब बेटा किसी लड़की को घर लेके आता है, इंट्रोड्यूस करने के लिए तो आपको पता चलता है कि बेटा बड़ा हो गया है। वे एक-दूसरे के प्यार में पागल लग रहे हैं। अर्जुन मुझे कहना होगा कि मुझे तुम पर बहुत गर्व है। तुम्हें कोई इतना खास मिला है जो तुमसे उतना ही प्यार करता है जितना तुम उससे करते हो।”
अर्जुन की शादी को लेकर परिवार और करीबी दोस्तों में उत्साह का माहौल है।





