देश

Mayday कॉल के बाद स्पाइसजेट फ्लाइट की दिल्ली में हुई इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लेह जा रही स्पाइसजेट की उड़ान SG 121 को मंगलवार सुबह टेकऑफ के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या के कारण वापस दिल्ली लौटना पड़ा। पायलट द्वारा सतर्कता बरतते हुए विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने निर्धारित समय पर दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट को विमान के सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी का संकेत मिला। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और एहतियातन विमान को वापस दिल्ली लाने का निर्णय लिया। एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत आपातकालीन सेवाओं को अलर्ट कर दिया।

विमान को पूरी सावधानी के साथ रनवे पर उतारा गया। लैंडिंग के बाद करीब 150 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक पूरी प्रक्रिया मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत हुई। और किसी तरह की अफरातफरी नहीं हुई।

स्पाइसजेट एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि, 24 फरवरी की इस उड़ान में तकनीकी दिक्कत आने के बाद उसे वापस दिल्ली लाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉकपिट में आग लगने जैसी कोई चेतावनी नहीं मिली थी। एहतियात के तौर पर फ्लाइट को लौटाया गया।

घटना के बाद एयरलाइन ने यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी। कुछ यात्रियों को अन्य उड़ानों में समायोजित किया गया, जबकि बाकी को आवश्यक सहायता प्रदान की गई।

देश में हवाई यात्रा की बढ़ती संख्या के बीच एयरलाइंस सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। इसी क्रम में इस तकनीकी गड़बड़ी की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न उत्पन्न हो।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts