क्रांइमछत्तीसगढ़

मीटर लगाने के नाम पर साइबर ठगी, रायपुर में युवक के तीन खातों से 1.56 लाख रुपए उड़ाए

रायपुर। राजधानी के मुजगहन थाना क्षेत्र में बिजली मीटर लगाने की प्रक्रिया के नाम पर एक बड़ी ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। खुद को छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) का कर्मचारी बताने वाले ठगों ने एक व्यक्ति के तीन अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1 लाख 56 हजार 200 रुपए निकाल लिए।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम भटगांव (माना बस्ती) निवासी रोशन देव रात्रे ने 22 फरवरी को थाना मुजगहन में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी की शाम करीब 5:30 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को सीएसपीडीसीएल का अधिकारी बताते हुए कहा कि नए बिजली मीटर के लिए किए गए आवेदन की ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करनी है।

इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए ‘सीएसपीडीसीएल मीटर रिलीज अपडेट एप’ और ‘इलेक्ट्रीसिटी बिल अपडेट एपीके’ नाम से दो फाइलें भेजी गईं। भेजने वाले नंबर पर कंपनी का लोगो और नाम भी दिख रहा था, जिससे मामला विश्वसनीय लगा। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर एप खोलने के लिए कहा। एप ओपन करने पर 13 रुपए का प्रोसेसिंग शुल्क जमा करने का विकल्प सामने आया।

प्रार्थी ने पहले अपने इलाहाबाद बैंक खाते से 13 रुपए जमा करने की कोशिश की, लेकिन भुगतान असफल बताया गया। इसके बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सैलरी अकाउंट से प्रयास किया गया, जो फिर फेल दिखा। आरोपी ने बातचीत में उलझाकर पत्नी के पंजाब नेशनल बैंक खाते से भी भुगतान करवाने को कहा। तीनों बार ट्रांजेक्शन फेल दिखने के बाद प्रार्थी को संदेह हुआ और उन्होंने कॉल काट दी।

बाद में जब फोन-पे की हिस्ट्री चेक की गई तो तीनों खातों से बड़ी रकम कटने का पता चला। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts