छत्तीसगढ़

पहले ट्रैफिक जवान ने मारा थप्पड़, फिर युवक ने किया पलटवार; वीडियो वायरल

अंबिकापुर शहर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी और एक युवक के बीच सड़क पर हुआ विवाद अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच थप्पड़ और धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है।

जानकारी के मुताबिक, महामाया चौक पर ड्यूटी कर रहे यातायात जवान ने नियमों के उल्लंघन के आरोप में एक स्कूटी को रोका, जिस पर तीन युवक सवार थे। बताया जा रहा है कि स्कूटी की चाबी निकालने को लेकर विवाद शुरू हुआ। वीडियो में नजर आता है कि पहले पुलिसकर्मी ने युवक को थप्पड़ मारा, जिसके जवाब में युवक ने भी पलटकर थप्पड़ जड़ दिया।

विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की के दौरान जवान की टोपी और वॉकी-टॉकी सड़क पर गिर गई। बाद में पुलिसकर्मी ने वॉकी-टॉकी से थाने को सूचना दी, जबकि युवक भी मोबाइल से किसी को कॉल करता दिखाई दिया। आसपास मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना को अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया। जो अब सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है और मामला चर्चा का विषय बन गया है।

घटना के बाद ट्रैफिक जवान ने युवक पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। वहीं युवक ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह पुलिसकर्मी को पहचानता तक नहीं है और उसका नाम भी नहीं जानता। वीडियो सामने आने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts