खेल

विकेटकीपर ईशान किशन जल्द रचाएंगे शादी, जानिए कौन हैं उनकी होने वाली दुल्हन

भारतीय टीम के बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन इन दिनों अपनी शानदार बल्लेबाजी के साथ-साथ निजी जीवन को लेकर भी चर्चा में हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने 40 गेंदों पर 77 रन की दमदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इसी बीच खबर सामने आई है कि ईशान किशन जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके दादा अनुराग पांडेय ने खुलासा किया है कि ईशान मॉडल अदिति हुंडिया को पसंद करते हैं और दोनों जल्द विवाह कर सकते हैं।

कौन हैं अदिति हुंडिया?

राजस्थान के जयपुर की रहने वाली अदिति हुंडिया मॉडलिंग की दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने 2016 में अपने करियर की शुरुआत की थी। 2017 में उन्होंने ‘एफबीबी कलर्स फेमिना मिस इंडिया राजस्थान’ का खिताब जीता और 2018 में ‘मिस दीवा सुप्रानेशनल’ का ताज अपने नाम किया।

मॉडलिंग के साथ-साथ अदिति ने अपना फैशन ब्रांड भी बनाया है। जिसका नाम  ‘लेबल अदिति हुंडिया’ है। कथित तौर पर अदिति के पिता जयपुर के एक कारोबारी हैं और अदिति ने भी बिजनेस क्षेत्र में कदम रखा है।

सोशल मीडिया पर लोकप्रिय

अदिति सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं, जहां वह अपनी तस्वीरें और वीडियो साझा करती रहती हैं। दिलचस्प बात यह है कि ईशान और अदिति दोनों एक-दूसरे को सोशल मीडिया पर फॉलो करते हैं, जिससे उनके रिश्ते की चर्चा और तेज हो गई है।

अब फैंस को इंतजार है कि क्रिकेट के मैदान के इस स्टार की शादी की आधिकारिक घोषणा कब होती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts