खेल

122 मीटर की ऊंचाई से गिरती गेंद लपकी, जोस बटलर ने रचा वर्ल्ड रिकॉर्ड

इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज जोस बटलर ने ऐसा कैच पकड़ा है, जिसे देखकर हर क्रिकेट फैन हैरान रह गया। 8 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के खिलाफ T20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड के पहले मैच के दौरान किया है। बटलर ने 122 मीटर की ऊंचाई से ड्रोन द्वारा गिराई गई गेंद को सुरक्षित पकड़कर इतिहास रच दिया। इसे क्रिकेट बॉल से लिया गया अब तक का सबसे ऊंचा कैच बताया जा रहा है।

इस अनोखे कारनामे का वीडियो इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन ने रिकॉर्ड किया और अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किया। हालांकि इस उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की आधिकारिक मंजूरी मिलना अभी बाकी है, लेकिन दावा किया जा रहा है कि बटलर ने पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

गेंद को ड्रोन से काफी ऊंचाई पर ले जाकर छोड़ा गया था, जिससे बटलर की एकाग्रता, टाइमिंग और हाथ-आंख के तालमेल की कड़ी परीक्षा हुई। गेंद जैसे ही नीचे आई, बटलर ने पूरी शांति के साथ उसे लपक लिया। कैच पूरा होते ही वहां मौजूद सभी लोग खुशी से झूम उठे।

इससे पहले सबसे ऊंचा कैच पकड़ने का रिकॉर्ड 119.86 मीटर का था, जो 2021 में ऑस्ट्रेलिया के थिमोथी शैनन जेबेसीलन ने बनाया था। बटलर ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है।

वैसे भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बटलर का रिकॉर्ड शानदार रहा है। वह अब तक टेस्ट, वनडे और टी20 मिलाकर 476 कैच ले चुके हैं, जो उनके अनुभव और बेहतरीन फोकस को दर्शाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts