बांग्लादेश में 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले बिजली आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ती नजर आ रही है। भारत के अडानी ग्रुप ने बांग्लादेश पावर डेवलपमेंट बोर्ड (PDB) को एक पत्र भेजकर बकाया भुगतान जल्द करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि अगर समय पर पैसे नहीं मिले, तो बिजली की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।
बांग्लादेश के प्रमुख अखबार प्रथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, 29 जनवरी को अडानी पावर लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट अविनाश अनुराग ने PDB के चेयरमैन को पत्र लिखा। इसमें कहा गया कि पावर प्लांट के लगातार रेगुलर ऑपरेशन को सुनिश्चित करने के लिए तुरंत 112.7 मिलियन डॉलर (करीब 1,000 करोड़ रुपये) का भुगतान जरूरी है। इस रकम में जून तक का पुराना बकाया और अक्टूबर महीने की बिजली आपूर्ति का भुगतान शामिल है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद बांग्लादेश बिजली विभाग भुगतान नहीं कर पाया है। बढ़ते बकाये के कारण बिजली के उत्पादन पर बहुत ज्यादा दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ, तो बिजली सप्लाई पर असर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि बांग्लादेश झारखंड के गोड्डा स्थित अडानी पावर प्लांट से बड़ी मात्रा में बिजली खरीदता है। भुगतान में देरी का असर यह रहा कि पिछले साल 1600 मेगावाट की टोटल सप्लाई में से सिर्फ 8.2 प्रतिशत बिजली की ही आपूर्ति की गई।
यह पहला मौका नहीं है जब अडानी ग्रुप ने ऐसी चेतावनी दी हो। पिछले साल भी बकाया भुगतान को लेकर पत्र भेजा गया था, जिसमें तय तारीख तक पैसे न मिलने पर सप्लाई रोकने की बात कही गई थी। तब बांग्लादेश ने 100 मिलियन डॉलर का भुगतान किया था, लेकिन उसके बाद फिर से बकाया बढ़ता चला गया।





