मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना ब्लॉक स्थित ग्राम फतेहपुर में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बारात के दौरान दूल्हे की घोड़ी अचानक बेकाबू हो गई और पास के खुले कुएं में जा गिरी। गनीमत रही कि दूल्हे ने समय रहते घोड़ी से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई।
जानकारी के मुताबिक ग्राम आवल्या विट्ठल से बारात फतेहपुर पहुंची थी। दूल्हा घोड़ी पर सवार था और बाराती ढोल-डीजे की तेज आवाज पर नाचते हुए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान तेज म्यूजिक और शोर से घोड़ी डर गई, संतुलन खो बैठी और अचानक पास के कुएं में कूद गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे को सुरक्षित देख लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं घोड़ी को बचाने के लिए तुरंत रेस्क्यू शुरू किया गया। ग्रामीणों और बारातियों ने मिलकर रस्सियों की मदद से करीब एक घंटे की मेहनत के बाद घोड़ी को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।





