2006 में रिलीज हुई कॉमेडी-थ्रिलर फिल्म भागम भाग दर्शकों के बीच आज भी काफी लोकप्रिय है। अक्षय कुमार, परेश रावल और गोविंदा की जबरदस्त केमिस्ट्री ने फिल्म को यादगार बना दिया था। अब फिल्म के सीक्वल भागम भाग 2 को लेकर चर्चाएं तेज हैं, लेकिन इस बार कास्टिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भागम भाग 2 में अक्षय कुमार और परेश रावल अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे, जबकि गोविंदा की जगह अभिनेता मनोज बाजपेयी की एंट्री होगी। बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी पूरी तरह नई होगी, जिसमें पहचान की उलझन, मजेदार गलतियां और बढ़ती हुई हलचल दिखाई जाएगी। फिल्म की शूटिंग अगले महीने मुंबई में शुरू होने की संभावना है।
गोविंदा के बाहर होने की खबर सामने आते ही फैंस सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि भागम भाग की जान ही गोविंदा थे और उनके बिना सीक्वल अधूरा लगेगा। कुछ यूजर्स ने यहां तक लिख दिया कि अगर गोविंदा नहीं हैं तो फिल्म बनाने का कोई मतलब नहीं है।
गौरतलब है कि प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी भागम भाग बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और इसमें कई दिग्गज कलाकार नजर आए थे। गोविंदा आखिरी बार साल 2019 में रंगीला राजा में दिखे थे, जिसके बाद से वे फिल्मों से दूर हैं।





