मशहूर गायक अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने के फैसले पर अब संगीत जगत की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। इस कड़ी में सिंगर और म्यूजिशियन लकी अली ने अरिजीत के फैसले का खुलकर समर्थन किया है। लकी अली का मानना है कि करियर के शिखर पर पहुंचने के बावजूद ऐसा कदम उठाना आसान नहीं होता और इसके पीछे जरूर कोई गहरी व्यक्तिगत वजह रही होगी।
पीटीआई-भाषा से बातचीत में लकी अली ने कहा कि किसी कलाकार के फैसले को समझने के लिए खुद को उसकी जगह रखकर देखना जरूरी है। उन्होंने कहा, “अगर अरिजीत ने यह कदम उठाया है, तो जरूर उनके अंदर कुछ टूट गया होगा। मैं उनके फैसले से पूरी तरह सहमत हूं।” लकी अली ने यह भी कहा कि अरिजीत आगे भी गाएंगे और खुद को व्यक्त करेंगे, लेकिन पहले जैसी परिस्थितियों में नहीं।
लकी अली ने अपनी बात रखते हुए कहा कि हर कलाकार को अपनी अलग राह बनानी पड़ती है। उन्होंने बताया कि जैसे उन्होंने खुद फिल्म इंडस्ट्री से अलग होकर अपनी राह चुनी, वैसे ही अरिजीत भी अब इंडस्ट्री की सीमाओं से बाहर निकलकर कुछ नया करना चाहते होंगे।
गौरतलब है कि अरिजीत सिंह ने पिछले महीने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से विदा लेने का ऐलान किया था। 27 जनवरी को शेयर किए गए पोस्ट में उन्होंने अपने फैन्स का धन्यवाद करते हुए लिखा था कि यह सफर शानदार रहा और अब वह इस अध्याय को अलविदा कह रहे हैं। उनके इस फैसले ने फैंस और इंडस्ट्री दोनों को हैरान कर दिया।
लकी अली ने कहा कि हर नए कलाकार को संघर्षों और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। “जिंदगी आसान होने के लिए नहीं होती। संघर्ष, ड्रामा और उतार-चढ़ाव ही कलाकार के काम में गहराई लाते हैं,”।
गौर करने वाली बात यह है कि लकी अली खुद भी पहले बॉलीवुड की कार्यशैली से निराश होकर फिल्मों के लिए गाना छोड़ चुके हैं। उनका मानना रहा है कि फिल्म इंडस्ट्री में रचनात्मकता की कमी और व्यवहार में कठोरता बढ़ती जा रही है। वहीं हाल ही में सिंगर अभिजीत सावंत ने भी इंडस्ट्री में सिंगर्स को रॉयल्टी न मिलने और कम मेहनताना दिए जाने जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए हैं।





