Adobe और एयरटेल ने एक नई साझेदारी की घोषणा की है, जिसके तहत एयरटेल के 36 करोड़ से अधिक यूजर्स अब एक साल तक Adobe Express Premium का मुफ्त में उपयोग कर सकेंगे। यह ऑफर एयरटेल के प्रीपेड और पोस्टपेड ग्राहकों, Airtel Xstream यूजर्स और DTH कनेक्शन वाले ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगा।
Adobe Express एक AI-आधारित कंटेंट क्रिएशन प्लेटफॉर्म है, जो डिजाइन, फोटो और वीडियो टेम्पलेट्स, एडिटिंग टूल्स और अन्य क्रिएटिव फीचर्स प्रदान करता है। इस फ्री सब्सक्रिप्शन का मूल्य लगभग 4,000 रुपये होता है, जिसे अब एयरटेल यूजर्स बिना किसी क्रेडिट कार्ड के एक साल तक फ्री में एक्सेस कर पाएंगे। सब्सक्रिप्शन Airtel Thanks App के माध्यम से एक्टिवेट किया जा सकता है।
Adobe के क्रिएटिविटी एंड प्रोडक्टिविटी बिजनेस के प्रेसिडेंट डेविड वाधवानी ने कहा कि यह साझेदारी भारत की बढ़ती क्रिएटर इकॉनमी को बढ़ावा देने में मदद करेगी और यूजर्स को अपने करियर, बिजनेस या शौक के लिए कंटेंट बनाने में आसानी होगी।
Adobe Express Premium यूजर्स को हर महीने 250 जनरेटिव क्रेडिट्स, प्रीमियम फोटो और वीडियो टेम्पलेट्स, 200 मिलियन से अधिक रॉयल्टी-फ्री Adobe Stock फोटो, वीडियो, म्यूजिक और डिज़ाइन एलिमेंट्स मिलेंगे। इसके साथ ही Adobe Fonts का पूरा कलेक्शन, वीडियो से बैकग्राउंड हटाने और बल्क एसेट रीसाइजिंग जैसे टूल्स भी उपलब्ध होंगे। यूजर्स को 100GB क्लाउड स्टोरेज भी मिलेगा।
Adobe Express ऐप डेस्कटॉप, वेब और मोबाइल तीनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है और यह हिंदी, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, पंजाबी, तमिल और तेलुगु समेत आठ भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है।





