विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) का चौथा सीजन निर्णायक दौर में पहुंच चुका है, जहां प्लेऑफ की दौड़ और भी रोमांचक होती जा रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है, जबकि बाकी टीमों के बीच दो स्थानों के लिए कड़ी टक्कर जारी है। इसी अहम समय में यूपी वॉरियर्स को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है।
पॉइंट्स टेबल में फिलहाल आखिरी पायदान पर मौजूद यूपी वॉरियर्स की स्टार बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गई हैं। टीम की ओर से जारी बयान में बताया गया कि उन्हें क्वाड इंजरी हुई है, जिसके चलते वह भारत छोड़कर ऑस्ट्रेलिया लौटेंगी जिसमें वह भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज से पहले रिहैब में अपना समय बिताएगी।
इस सीजन फोएबे लिचफील्ड ने यूपी वॉरियर्स के लिए अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 6 मैचों में 243 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक शामिल रहे। ऐसे समय में उनका बाहर होना टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब यूपी वॉरियर्स के लीग स्टेज के आखिरी दो मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण हैं। गौरतलब है कि फोएबे लिचफील्ड को यूपी वॉरियर्स ने विमेंस प्रीमियर लीग के चौथे सीजन को लेकर हुए ऑक्शन में 1 करोड़ 20 लाख रुपये में अपना हिस्सा बनाया था, जिसमें उन्होंने अपना नाम 50 लाख रुपये बेस प्राइस में रजिस्टर करवाया था।
एमी जोंस को मिला मौका
फोएबे के बाहर होने के बाद यूपी वॉरियर्स ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर इंग्लैंड की अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज एमी जोंस को टीम में शामिल किया है। 32 वर्षीय एमी जोंस ने भले ही अभी तक WPL में कोई मैच नहीं खेला हो, लेकिन उन्हें अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट का लंबा अनुभव है। उन्होंने अब तक 150 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1666 रन बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं। यूपी वॉरियर्स ने उन्हें उनके बेस प्राइस 50 लाख रुपये में अपना हिस्सा बनाया है।
यूपी वॉरियर्स का अगला मुकाबला 29 जनवरी को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होगा, जबकि 1 फरवरी को टीम दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी।





