मनोरंजन

अक्षय कुमार की ‘वेलकम टू द जंगल’ की रिलीज डेट घोषित, जानें कब रिलीज होगी फिल्म

अक्षय कुमार के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘वेलकम’ का तीसरा भाग ‘वेलकम टू द जंगल’ अब अपनी रिलीज डेट के साथ तैयार है। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और दर्शकों को इसका इंतजार अब ज्यादा लंबा नहीं करना पड़ेगा।

अक्षय कुमार साल 2026 में कई बड़ी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। इनमें हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ और मल्टीस्टारर कॉमेडी ‘वेलकम टू द जंगल’ खास तौर पर चर्चा में हैं। इससे पहले अक्षय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर फिल्म की शूटिंग खत्म होने की जानकारी दी थी।

कब रिलीज होगी ‘वेलकम टू द जंगल’?
फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए बताया कि ‘वेलकम टू द जंगल’ 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्देशन मशहूर कोरियोग्राफर और निर्देशक अहमद खान ने किया है। पोस्ट में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट भी नजर आई।

दमदार स्टारकास्ट बनेगी आकर्षण
फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी भव्य और मजबूत स्टारकास्ट है। अक्षय कुमार के साथ इस फिल्म में सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, परेश रावल, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, आफताब शिवदासानी, लारा दत्ता, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर और दलेर मेहंदी जैसे कई नामी कलाकार नजर आएंगे।

फ्रेंचाइजी से फैंस को बड़ी उम्मीदें
2007 में रिलीज हुई ‘वेलकम’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी, जबकि 2015 में आई ‘वेलकम बैक’ ने भी ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था। अब तीसरे पार्ट से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं। माना जा रहा है कि ‘वेलकम टू द जंगल’ साल 2026 की सबसे बड़ी कॉमेडी फिल्मों में शामिल हो सकती है और दर्शकों को भरपूर हंसाने वाली है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts